जालोर/जयपुर।
राजस्थान में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए एटीएस राजस्थान, एएनटीएफ, जालोर पुलिस और एनसीबी जोधपुर की संयुक्त टीम ने सिंथेटिक ड्रग (MD) बनाने की गुप्त फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में 4.910 किलोग्राम अवैध MD बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
यह बड़ी कार्रवाई एटीएस एवं एएनटीएफ के महानिदेशक पुलिस श्री विकास कुमार तथा आईजी श्री धनश्याम सोनी के निर्देशन में की गई। टीम ने जालोर जिले के करड़ा थाना क्षेत्र स्थित कल्बिया का गोलिया गांव में दबिश देकर अवैध ड्रग निर्माण इकाई पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान MD बनाने में प्रयुक्त रसायन, उपकरण, बोरोसिल जार, चुंबकीय स्टिरर, वजन मशीन, थर्मामीटर सहित भारी मात्रा में केमिकल सामग्री जब्त की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जब्त ड्रग से 10 गुना तक माल तैयार किया जाना था, जो आने वाले दिनों में बाजार में पहुंचकर हजारों जिंदगियों को तबाह कर सकता था।
इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों—
आसाराम (40)
हनुमानराम (50)
पुरखराज (27)
को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी जालोर जिले के निवासी बताए गए हैं और लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पिछले एक माह से ATS और ANTF के बीच खुफिया सूचनाओं का लगातार आदान-प्रदान हो रहा था, जिसके आधार पर यह सटीक और निर्णायक कार्रवाई की गई। इससे नशा तस्करी नेटवर्क की कमर तोड़ दी गई है।
महानिरिक्षक पुलिस श्री विकास कुमार ने इस सफल ऑपरेशन में शामिल सभी टीमों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में मादक पदार्थों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि नशे से जुड़े किसी भी अपराध की सूचना एएनटीएफ कंट्रोल रूम या व्हाट्सएप नंबर पर दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।










