एक ही दिन में 4 बड़ी कार्रवाई, डोडा-पोस्त से लेकर एमडीएमए नेटवर्क तक हिल गया राजस्थान
जयपुर/बाड़मेर/जालोर/जोधपुर।
राजस्थान में नशे के कारोबार पर एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने ऐसा करारा प्रहार किया है, जिसने तस्करों की रीढ़ तोड़ दी। महज चार महीनों में 100 से अधिक कार्रवाई करते हुए ATS ने एक ही दिन में चार बड़ी संयुक्त कार्रवाइयों को अंजाम देकर 103 के आंकड़े को पार कर लिया।
ATS राजस्थान की टीमों ने अलग-अलग दिशाओं में फैले डोडा-पोस्त, एमडीएमए, सिंथेटिक ड्रग्स और केमिकल फैक्ट्रियों के नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए कई बड़े तस्करों को दबोच लिया।
⚡ पहली बड़ी कार्रवाई: बाड़मेर में पकड़ी गई अवैध ड्रग फैक्ट्री
बाड़मेर के सेड़वा थाना क्षेत्र के भड़की गांव में अवैध बिजली कनेक्शन से संचालित गुप्त प्रयोगशाला पर ATS और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारकर सिंथेटिक नशा बनाने की फैक्ट्री पकड़ी।
मौके से 180 किलो से अधिक केमिकल व पाउडर, ड्रम, हीटर, फ्लास्क और अन्य उपकरण जब्त किए गए। फैक्ट्री में नशे की खेप तैयार होने से ठीक पहले ही टीम पहुंच गई।
⚡ दूसरी कार्रवाई: 7 साल से फरार 25 हजार का इनामी तस्कर दबोचा
ऑपरेशन ‘गुलग्राम’ के तहत ATS ने गुजरात के वापी से 7 साल से फरार 25,000 रुपये के इनामी तस्कर रूगाराम को गिरफ्तार किया।
जेल से शुरू हुई दोस्ती, फिर तस्करी का साम्राज्य — लेकिन आखिरकार ATS की पकड़ से बच नहीं सका।
⚡ तीसरी कार्रवाई: मुंबई से आ रही MDMA खेप पर ब्रेक
जालोर के सांचोर में ATS ने मुंबई से लाई जा रही एमडीएमए ड्रग्स की सप्लाई चेन तोड़ दी।
64 ग्राम एमडीएमए, एक स्विफ्ट कार और मोटरसाइकिल जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
⚡ चौथी कार्रवाई: होटल की आड़ में 78 किलो डोडा-पोस्त
जोधपुर ग्रामीण के भोपलगढ़ थाना क्षेत्र में होटल सुखसागर से 78 किलो अवैध डोडा-पोस्त जब्त किया गया।
नाबालिग को भी इस धंधे में झोंकने का खुलासा हुआ, जिसे ATS ने मुक्त कराया।
👮♂️ ATS की चेतावनी
ATS एवं एटीएस महानिरीक्षक श्री विकास कुमार ने कहा कि
“नशे के खिलाफ यह जंग लगातार जारी रहेगी। तस्करों की हर चाल पर नजर है। आमजन भी सूचना देकर इस अभियान में भागीदार बन सकते हैं।”










