बाड़मेर | 15 मार्च
मादक पदार्थ विरोधी कार्यबल (एएनटीएफ) राजस्थान ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना थाना क्षेत्र में सिंथेटिक नशा बनाने की अवैध लैब का पर्दाफाश किया है। टीम ने मौके से भारी मात्रा में रसायन और उपकरण बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
एएनटीएफ के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया
कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के निर्देशन में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सरहद जानीयों का मगरा गांव में खेत में बनी टापरी में अवैध सिंथेटिक नशा तैयार करने की सूचना मिलने पर टीम ने दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने मकान को चारों ओर से घेर लिया। इसी दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध गतिविधि करते नजर आया जिसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान मौके से नीले-पीले ड्रम और जरीकनों में एमडी ड्रग बनाने में प्रयुक्त केमिकल तथा उपकरण बरामद किए गए।
फैक्ट बॉक्स
कार्रवाई: एएनटीएफ राजस्थान
स्थान: जानीयों का मगरा, थाना धोरीमन्ना, बाड़मेर
गिरफ्तार आरोपी: निभाराम पुत्र रिणलाराम (57)
बरामद केमिकल:
• 146.230 किलो टोल्यून
• 45.880 किलो मोनो मिथाइलामाइन
• स्टील के दो ड्रम व अन्य उपकरण
संभावित उत्पादन: लगभग 15 किलो एमडी ड्रग
अनुमानित कीमत: करीब 4.50 करोड़ रुपये
नशा तैयार करने की थी बड़ी साजिश
जांच में सामने आया कि आरोपी ने कुछ दिन पहले एमडी ड्रग बनाने के लिए रसायन खरीदकर खेत में बने शेड में रख दिए थे। वह अपने साथियों के साथ मिलकर बड़ी मात्रा में सिंथेटिक नशा तैयार करने की तैयारी कर रहा था।
पुलिस के अनुसार बरामद रसायनों से करीब 15 हजार खुराक तैयार हो सकती थीं, जिनकी बाजार कीमत करीब 4.50 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुल कोट
“नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। किसी भी व्यक्ति को मादक पदार्थों से संबंधित सूचना मिले तो एएनटीएफ को तुरंत बताएं, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।”
— विकास कुमार, महानिरीक्षक पुलिस, एएनटीएफ राजस्थान








