अजमेर। राजस्थान के कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की सोमवार को अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव जेल की बैरक में मिलने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी जेल पहुंचे तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।
जगन गुर्जर राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के चंबल अंचल का कुख्यात डकैत रहा है। उसके खिलाफ हत्या, डकैती, फिरौती, अपहरण और रंगदारी समेत 150 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। सुरक्षा कारणों से उसे अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में रखा गया था।
घटना के बाद जेल प्रशासन ने बैरक और आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया है। जेल के अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। यदि किसी प्रकार की लापरवाही या संदिग्ध परिस्थिति सामने आती है तो उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन मौत के कारणों को लेकर आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं।











