राजस्थान में नशे के नेटवर्क पर ANTF का बड़ा प्रहार मध्यप्रदेश से एमडी लाकर मारवाड़ में सप्लाई का खुलासा, 2 किलो 231 ग्राम नशीला पदार्थ जब्त—कार समेत एक आरोपी गिरफ्तार

जयपुर/जोधपुर। राजस्थान में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जोधपुर जिले के कापरड़ा थाना क्षेत्र से 2 किलो 231 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार जब्त नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 67 लाख रुपये है। कार्रवाई के दौरान एक कार जब्त कर आरोपी रामपाल धतरवाल (31) को गिरफ्तार किया गया है।

MP से माल, मारवाड़ में सप्लाई का नेटवर्क

ANTF की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी मध्यप्रदेश के तस्करों से एमडी लेकर राजस्थान के जोधपुर और आसपास के क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करता था। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि मध्यप्रदेश से नशीला पदार्थ कौन उपलब्ध करा रहा था, इसे तैयार करने के लिए कच्चा माल/केमिकल कहां से आ रहा था और राजस्थान में तैयार एमडी किन-किन तस्करों तक पहुंचाई जा रही थी।

डोडा पोस्त से शुरू हुआ सफर, फिर एमडी तस्करी तक पहुंचा

प्रेस नोट के मुताबिक रामपाल पहले डोडा पोस्त की तस्करी से जुड़ा रहा है। वर्ष 2018 में मध्यप्रदेश से डोडा पोस्त लेकर मारवाड़ की ओर आते समय कोटा पुलिस ने उसे पकड़ लिया था। इस मामले में उसे सजा हुई और दिसंबर 2024 में करीब 6 वर्ष 8 माह बाद जमानत पर बाहर आया। आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर अपने रिश्तेदार के साथ डोडा पोस्त की तस्करी शुरू कर दी और बाद में एमडी की तस्करी में सक्रिय हो गया।

रिश्तेदार पकड़ा गया तो सामने आया रामपाल का नाम

प्रेस नोट के अनुसार वर्ष 2025 में रामपाल के रिश्तेदार को मध्यप्रदेश पुलिस ने बड़ी मात्रा में डोडा पोस्त की सप्लाई करते समय पकड़ा था। उस कार्रवाई में रामपाल का नाम भी सामने आया, लेकिन वह फरार चल रहा था। करीब एक साल तक फरार रहने के बाद कथित तौर पर आर्थिक तंगी के चलते उसने डोडा पोस्त का काम छोड़कर एमडी की तस्करी शुरू कर दी।

राजस्थान में सख्ती बढ़ी तो MP को बनाया सुरक्षित ठिकाना

ANTF के मुताबिक राजस्थान में सिंथेटिक ड्रग्स के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप है। प्रेस नोट में बताया गया है कि राजस्थान में कार्रवाई बढ़ने के बाद तस्कर मध्यप्रदेश को एमडी निर्माण के लिए अपेक्षाकृत सुरक्षित ठिकाने के रूप में इस्तेमाल करने लगे थे। आरोपी रामपाल द्वारा मध्यप्रदेश में मौजूद तस्करों से कच्चा माल/केमिकल उपलब्ध करवाकर एमडी तैयार करवाने और उसे राजस्थान के मारवाड़ क्षेत्र में सप्लाई करने का नेटवर्क चलाए जाने की बात सामने आई है।

हाईवे पर ऐसे बिछाया गया गिरफ्तारी का जाल

ANTF टीम को सूचना मिली कि एक संदिग्ध कार जोधपुर-जयपुर हाईवे एनएच-25 पर बिनावास टोल की तरफ आ रही है। टीम ने दो हिस्सों में निगरानी शुरू की। कुछ समय बाद संदिग्ध कार टोल की तरफ आती दिखाई दी। टीम ने उसका पीछा किया और टोल पर मौजूद टीम को कार की सूचना दी। कार के पहुंचते ही दोनों टीमों ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया।

स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाकर कार और चालक की तलाशी ली गई। तलाशी में 2 किलो 231 ग्राम अवैध एमडी बरामद हुई। इसके बाद कार जब्त कर आरोपी रामपाल को गिरफ्तार कर लिया गया।

अब असली नेटवर्क की तलाश

रामपाल की गिरफ्तारी के बाद ANTF ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर एमडी की सप्लाई चेन, कच्चे माल की व्यवस्था, परिवहन और राजस्थान में वितरण नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका खंगाली जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े और नाम सामने आ सकते हैं।

Vikas Kumar
Author: Vikas Kumar

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें