विश्व जनसंपर्क दिवस पर PRCI जयपुर चैप्टर ने आयोजित की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सहभागिता वाली विशेष परिचर्चा

 

63 शहरों के चैप्टर्स एवं 13 देशों के 100 से अधिक जनसंपर्क विशेषज्ञों ने ऑनलाइन सहभागिता कर साझा किए अनुभव

जयपुर, 16 जुलाई।

जनसंपर्क केवल सूचना का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि विश्वास, संवाद और दीर्घकालिक संबंधों के निर्माण की सतत प्रक्रिया है। इसी मूल भावना को केंद्र में रखते हुए पब्लिक रिलेशंस काउंसिल ऑफ इंडिया (PRCI), जयपुर चैप्टर* ने *विश्व जनसंपर्क दिवस 2026 के अवसर पर “इन्फ्लुएंसर रिलेशंस बनाम पारंपरिक मीडिया रिलेशंस : विश्वसनीयता, पहुंच और जनसंपर्क का भविष्य” विषय पर एक प्रभावी पैनल चर्चा एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि PRCI के 63 शहरों के चैप्टर्स एवं 13 देशों से जुड़े 100 से अधिक जनसंपर्क विशेषज्ञों ने ऑनलाइन माध्यम से राष्ट्रीय वेबिनार में सहभागिता करते हुए जनसंपर्क के बदलते स्वरूप, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डिजिटल संचार, मीडिया की विश्वसनीयता तथा वैश्विक स्तर पर संचार की नई चुनौतियों और संभावनाओं पर विचार साझा किए।कार्यक्रम में उपाध्यक्ष अंशु हर्ष, प्रोफेसर संजीव भानावत, सह सचिव – राहुल बाबू कोंडली, कोषाध्यक्ष पंकज वाधवानी, कार्यक्रम होस्ट मिशा शर्मा, निर्मल गोयल, उत्तम सिंह, तरुण टांक, डॉ. रुचिता सोलंकी, मेट्रो पी आर ओ गजेंद्र सिंह गुजर, एडवोकेट सुरेंद्र कर. शर्मा, धर्मेश सक्सेना, रिटेंबरा अग्रवाल, आशीष उदातवत, विकास काला, पुरुषोत्तम शर्मा, सूरजभान शर्मा शामिल रहे।

जयपुर चैप्टर के कार्यक्रम का शुभारंभ PRCI अहमदाबाद चैप्टर द्वारा आयोजित राष्ट्रीय वेबिनार के लाइव प्रसारण से हुआ। इसके उपरांत आयोजित ऑफलाइन पैनल चर्चा में जनसंपर्क विशेषज्ञ जगदीप सिंह (जैग्स), प्रसिद्ध रेडियो व्यक्तित्व आरजे रविन्द्र तथा ‘जयपुर बाय मार्सेला’ की संस्थापक एवं लाइफस्टाइल कंटेंट क्रिएटर मार्सेला बाउर ने अपने अनुभव साझा किए। चर्चा का कुशल संचालन मिशा शर्मा, अकाउंट एग्जीक्यूटिव, एडफैक्टर्स पीआर ने किया।

विश्वास ही जनसंपर्क की सबसे बड़ी पूंजी : सोमेन्द्र हर्ष

PRCI जयपुर चैप्टर के चेयरमैन सोमेन्द्र हर्ष ने कहा कि आज संचार माध्यमों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। सोशल मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म और कृत्रिम बुद्धिमत्ता ने संचार को अभूतपूर्व गति प्रदान की है, लेकिन किसी भी संचार की सफलता का आधार आज भी विश्वसनीयता, पारदर्शिता और जनविश्वास ही है। उन्होंने कहा कि PRCI का उद्देश्य जनसंपर्क पेशे को नई तकनीकों से जोड़ते हुए उसके मूल मूल्यों को सुरक्षित रखना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि PRCI जयपुर चैप्टर उद्योग, मीडिया और शिक्षण संस्थानों के बीच ज्ञान-विनिमय एवं सहयोग का सशक्त मंच बनकर अपनी भूमिका निभाता रहेगा।

संपादकीय विश्वसनीयता का कोई विकल्प नहीं : जगदीप सिंह (जैग्स)

प्रख्यात जनसंपर्क विशेषज्ञ *जगदीप सिंह (जैग्स)* ने कहा कि डिजिटल युग में सूचना का प्रवाह पहले से कहीं अधिक तेज हुआ है, लेकिन विश्वसनीयता का महत्व कम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि संपादकीय मूल्यों, तथ्यपरकता, जवाबदेही और नैतिकता पर आधारित पत्रकारिता आज भी प्रभावी जनसंपर्क की आधारशिला है। संस्थानों को तात्कालिक लोकप्रियता की बजाय दीर्घकालिक विश्वास अर्जित करने पर ध्यान देना चाहिए।

माध्यम बदलते हैं, संवाद की आत्मा नहीं : आरजे रविन्द्र

प्रसिद्ध रेडियो व्यक्तित्व आरजे रविन्द्र ने कहा कि संचार के प्लेटफॉर्म समय के साथ बदलते रहते हैं, लेकिन प्रभावी संवाद की आत्मा वही रहती है। रेडियो से लेकर रील्स तक, प्रत्येक माध्यम की अपनी भूमिका है, किंतु श्रोताओं और दर्शकों के साथ भावनात्मक जुड़ाव, सरल अभिव्यक्ति और सच्ची कहानी ही किसी संदेश को स्थायी बनाती है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक मीडिया और डिजिटल क्रिएटर्स प्रतिस्पर्धी नहीं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक हैं।

संख्या नहीं, विश्वास बनाता है प्रभावशाली इन्फ्लुएंसर : मार्सेला बाउर

लाइफस्टाइल कंटेंट क्रिएटर मार्सेला बाउर ने कहा कि आज का दर्शक केवल फॉलोअर्स की संख्या से प्रभावित नहीं होता, बल्कि वह प्रामाणिकता, निरंतरता और ईमानदार संवाद को महत्व देता है। उन्होंने कहा कि एक सफल इन्फ्लुएंसर वही है जो अपने समुदाय के साथ विश्वास का संबंध स्थापित करे। ब्रांड और कंटेंट क्रिएटर्स के बीच पारदर्शी तथा दीर्घकालिक साझेदारी ही भविष्य के प्रभावी संचार का आधार बनेगी।

AI युग में मस्तिष्क का विकल्प नहीं, उसका सहयोगी है कृत्रिम बुद्धिमत्ता : सनी कुलश्रेष्ठ

PRCI जयपुर चैप्टर के सचिव सनी कुलश्रेष्ठ ने कहा कि विश्व जनसंपर्क दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि बदलते वैश्विक संचार परिदृश्य में जनसंपर्क की भूमिका का आत्ममंथन करने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि आज जब 63 शहरों के PRCI चैप्टर्स और 13 देशों के जनसंपर्क विशेषज्ञ एक डिजिटल मंच पर एक साथ संवाद कर रहे हैं, तो यह इस बात का प्रमाण है कि तकनीक ने दुनिया को जोड़ने का कार्य किया है। लेकिन तकनीक केवल माध्यम है, वास्तविक शक्ति आज भी *मानवीय सोच, संवेदनशीलता और रचनात्मकता* में निहित है।

उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) जनसंपर्क पेशे के लिए चुनौती नहीं, बल्कि एक सशक्त सहयोगी है। AI सूचना का विश्लेषण कर सकता है, कंटेंट तैयार कर सकता है और संचार को गति दे सकता है, लेकिन विश्वास, मानवीय संवेदनाएं, संकट की समझ, सामाजिक जिम्मेदारी और संबंध निर्माण की क्षमता केवल मानव मस्तिष्क के पास है।

सनी कुलश्रेष्ठ ने कहा कि आने वाले समय में सफल जनसंपर्क विशेषज्ञ वही होगा जो AI को निर्देश (Prompt) देने की क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच, रचनात्मक दृष्टिकोण और मानवीय संवेदनशीलता का संतुलित उपयोग करेगा। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे केवल तकनीक के उपभोक्ता न बनें, बल्कि उसके कुशल संचालक और रचनात्मक उपयोगकर्ता बनें।

उन्होंने कहा कि इन्फ्लुएंसर, पारंपरिक मीडिया, रेडियो, डिजिटल प्लेटफॉर्म और AIये सभी जनसंपर्क के अलग-अलग माध्यम हैं, लेकिन इन सबका अंतिम उद्देश्य समाज के साथ विश्वसनीय, सार्थक और सकारात्मक संवाद स्थापित करना है। भविष्य उसी का होगा जो तकनीक और मानवीय मूल्यों के बीच संतुलन स्थापित कर सके।

उन्होंने यह भी कहा कि PRCI जयपुर चैप्टर युवाओं को जनसंपर्क, मीडिया, डिजिटल कम्युनिकेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के समन्वित उपयोग के लिए निरंतर मंच उपलब्ध कराता रहेगा, ताकि नई पीढ़ी वैश्विक संचार की चुनौतियों का नेतृत्व करने के लिए तैयार हो सके।

कार्यक्रम के दौरान PRCI जयपुर चैप्टर में शामिल हुए नए सदस्यों का औपचारिक स्वागत किया गया। उन्हें PRCI लैपल पिन एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

अंत में PRCI जयपुर चैप्टर के चेयरमैन सोमेन्द्र हर्ष ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, प्रतिभागियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय सचिव सनी कुलश्रेष्ठ के नेतृत्व में किया गया।

यह आयोजन केवल विश्व जनसंपर्क दिवस का उत्सव नहीं, बल्कि बदलते वैश्विक संचार परिदृश्य में विश्वसनीयता, मानवीय संवेदनशीलता, तकनीकी नवाचार और रचनात्मक संवाद के भविष्य पर गंभीर मंथन का प्रभावी मंच बनकर उभरा।

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें