जयपुर/प्रतापगढ़।
राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश का कुख्यात इनामी तस्कर आवेश उर्फ अरमान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था और मध्यप्रदेश में एनडीपीएस एक्ट के मामलों में वांछित चल रहा था।
मध्यप्रदेश पुलिस के अनुरोध पर ANTF राजस्थान ने सुनियोजित रणनीति के तहत ऑपरेशन ‘मदोत्पादन’ को अंजाम दिया। इस कार्रवाई में आरोपी को कोटड़ी थाना क्षेत्र, जिला प्रतापगढ़ से दबोचा गया।
लगातार बदलता रहा ठिकाना, पुलिस को देता रहा चकमा
पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में आरोपी पर मध्यप्रदेश के बड़वानी एवं औद्योगिक नगर जावरा थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज हुए थे। इसके बाद से वह फरार चल रहा था। आरोपी ने कारोबार मध्यप्रदेश में और स्थायी ठिकाना राजस्थान में बना रखा था, जिससे दोनों राज्यों की पुलिस को लंबे समय तक गुमराह करता रहा।
क्रिकेट बना गिरफ्तारी की वजह
सूचना संकलन के दौरान ANTF टीम को पता चला कि आरोपी को क्रिकेट का शौक है और वह आसपास के टूर्नामेंटों में दर्शक या कोच के रूप में पहुंचता है। कोटड़ी गांव के पास होने वाले एक बड़े क्रिकेट आयोजन की सूचना पर टीम ने जाल बिछाया और रात-दिन निगरानी के बाद आरोपी को धर दबोचा।
आपराधिक पृष्ठभूमि
आरोपी आवेश उर्फ अरमान, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी कोटड़ी गांव, जिला प्रतापगढ़
10वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ी
कम उम्र में ही मध्यप्रदेश के तस्करों के संपर्क में आया
राजस्थान से मादक पदार्थों की तस्करी कर मध्यप्रदेश में सप्लाई करता था
एमडी व डोडा-पोस्त की तस्करी में सक्रिय
ANTF की अंतरराज्यीय कार्रवाई को मिली सराहना
इस कार्रवाई में ANTF चौकी प्रतापगढ़ एवं चित्तौड़गढ़ की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ANTF अब न सिर्फ राजस्थान बल्कि पड़ोसी राज्यों के वांछित अपराधियों को पकड़ने में भी अहम भूमिका निभा रही है।










