जालोर/जयपुर। राजस्थान में नशे के कारोबार के खिलाफ चल रही निर्णायक लड़ाई में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने ऐसा प्रहार किया है, जिससे तस्करी के नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। सांचौर में चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मदमंजुल’ के तहत ANTF ने तीन साल से फरार और 30 हजार रुपये के इनामी अपराधी मनोहरलाल को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। इसके साथ ही गांजा और स्मैक बरामद कर दो अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया गया।
ANTF के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के निर्देशन में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सांचौर में एक ही दिन में तीन बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया गया।
सबसे बड़ी सफलता उस समय मिली जब ANTF ने लंबे समय से फरार चल रहे और पुलिस के लिए सिरदर्द बने 30 हजार रुपये के इनामी अपराधी मनोहरलाल को धर दबोचा। बताया जा रहा है कि आरोपी मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करता था और अपने संपर्कों से बचते हुए लगातार ठिकाने बदल रहा था। ANTF ने गुप्त सूचना और रणनीतिक घेराबंदी के जरिए उसके फरारी के खेल का अंत कर दिया।
जांच में सामने आया है कि मनोहरलाल का नाम वाहन चोरी, स्मैक और एमडी तस्करी सहित कई आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा रहा है। उसके तार चर्चित सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा प्रकरण से भी जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में नशे के बड़े नेटवर्क और कई सफेदपोश सहयोगियों के नाम सामने आ सकते हैं।
दूसरी कार्रवाई में सांचौर के पीपली चौक क्षेत्र से 68 ग्राम गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। वहीं तीसरी कार्रवाई में 0.58 ग्राम स्मैक के साथ एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई।
ANTF की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि राजस्थान में नशे के सौदागरों के लिए अब कहीं भी सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है। लगातार हो रही कार्रवाई से प्रदेश में नशा तस्करी के नेटवर्क पर बड़ा दबाव बनता दिखाई दे रहा है।










