24 घंटे में फूटा अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ फुलेरा पुलिस ने 3 बदमाश दबोचे, चोरी की बाइक व 4 मोबाइल बरामद

फुलेरा। जयपुर ग्रामीण जिले की फुलेरा थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद (आईपीएस) के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत फुलेरा थाना पुलिस ने चोरी की वारदात का त्वरित अनुसंधान करते हुए मध्यप्रदेश के तीन शातिर बदमाशों को दबोच लिया। आरोपियों की पहचान श्याम जोशी, इरशाद कुरैशी और जमना प्रसाद उर्फ राजू के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार 16 जून को फुलेरा के कृष्णा कॉम्प्लेक्स इंड्रा मार्केट से एक टीवीएस मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान संदिग्ध श्याम जोशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने अपने साथियों के साथ चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया।

इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के अन्य दो सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई टीवीएस मोटरसाइकिल (RJ 47 SG 9994) तथा अन्य स्थानों से चोरी किए गए चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अंतरराज्यीय स्तर पर चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। गिरोह के सदस्यों के खिलाफ मध्यप्रदेश में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल को ठिकाने लगाने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही फुलेरा पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवलाल बैरवा, वृत्ताधिकारी मुकेश जोशी तथा थानाधिकारी राजेन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Vikas Kumar
Author: Vikas Kumar

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें